
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर अब अमेरिकी सत्ता के भीतर ही खींचतान सामने आ गई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, खुद ट्रंप प्रशासन के कुछ बड़े चेहरे इस डील की राह में रोड़ा बने हुए हैं. अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस ने ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन के सांसद टेड क्रूज के हवाले से बताया है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के साथ ट्रेड डील को आगे बढ़ने से रोका. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि क्रूज की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें वह अपने डोनर्स से निजी बैठकों में इस मुद्दे पर खुलकर नाराजगी जाहिर करते सुनाई देते हैं.
भारत से समझौते के लिए लड़ रहे
रिकॉर्डिंग में क्रूज कहते हैं कि वह भारत के साथ समझौते को आगे बढ़ाने के लिए ‘व्हाइट हाउस से लड़ रहे हैं.’ जब उनसे पूछा गया कि इसका विरोध कौन कर रहा है, तो उन्होंने नवारो, वेंस और कई बार खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिया. दिलचस्प बात यह है कि सार्वजनिक तौर पर डोनाल्ड ट्रंप भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर बेहद सकारात्मक बयान दे रहे हैं. दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान ट्रंप ने कहा था,
‘मैं आपके प्रधानमंत्री पर बहुत सम्मान करता हूं. वह शानदार इंसान हैं और मेरे दोस्त हैं. हमारे बीच एक अच्छा सौदा होगा.’ लेकिन अंदरखाने तस्वीर अलग बताई जा रही है.
