
टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया जबरदस्त फॉर्म में है. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने लगातार तीन मैच जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. भारतीय बल्लेबाज धमाल मचा रहे हैं, लेकिन संजू सैमसन के फ्लॉप शो ने आईसीसी टूर्नामेंट से पहले टेंशन खड़ी कर दी है. टी20 वर्ल्ड कप में बतौर ओपनर के रूप में चुने गए सैमसन का बल्ला तीनों ही मुकाबलों में नहीं चला. पहले दो मुकाबलों में सस्ते में आउट हुए तो उम्मीद थी गुवाहाटी में अच्छी पारी खेलेंगे, लेकिन यहां तो उनका खाता ही नहीं खुला. सैमसन पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जिससे टी20 करियर पर एक ऐसा दाग भी लग गया जो कभी नहीं मिटने वाला.
पहली ही गेंद पर हुए बोल्ड
154 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने आए. सैमसन ने पहली गेंद खेलने के लिए खुद को तैयार किया. सामने थे मैट हेनरी. हेनरी ने एक लेंथ गेंद फेंकी, जो गिल्लियां बिखेरती हुई निकल गई. इसी के साथ सैमसन गोल्डन डक हो गए. इससे पहले दो मुकाबलों में कुल 16 रन ही बना पाए. पहले मुकाबले में 10 रन तो दूसरे में सिर्फ 6 रन बनाकर चलते बने.
