
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. 23 जनवरी को हुई भारी बर्फबारी के बाद से हिमाचल प्रदेश में अब भी 832 रोड बंद हैं. इसके अलावा, कुल्लू, मनाली समेत चंबा जिले के भरमौर और पांगी में कई गांवों में बत्ती गुल है. अहम बात है कि लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में सबसे कम -10.2 डिग्री पारा दर्ज हुआ है. वहीं, सिरमौर के पावंटा साहिब में सबसे अधिक 22 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है.
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की ओर से रविवार शाम 6 बजे तक की रिपोर्ट जारी की गई है. अहम बात है कि इस बर्फबारी की वजह से तीन लोगों की मौत भी हुई है. किन्नौर में बर्फ में दबा एक लापता शख्स का शव मिला है. वहीं, चंबा के भरमौर जिले के भरमाणी में लापता दो युवकों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में कुल 832 सड़कें बंद हैं, जिनमें तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं. इनमें दो कुल्लू और एक शिमला जिले में है. बर्फबारी के बाद से 1942 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं, जबकि 245 पेयजल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं. सबसे अधिक करीब 274 सड़कें लाहौल स्पीति में बर्फबारी के बाद से बंद हैं. कुल्लू जिले में 174 रोड ठप पड़े हैं.
