
आज बैंक खुलेंगे या नहीं… इसी सवाल के साथ लोगों की सुबह शुरू हुई है. वजह साफ है, बीते मंगलवार को 5 डे वर्क वीक की मांग को लेकर बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल रही. ऐसे में भले ही आज शाखाएं खुलने के आसार जताए जा रहे हों, लेकिन हड़ताल का असर पूरी तरह खत्म हो जाए, ऐसा कहना अभी जल्दबाजी होगी. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर हुई बीते मंगलवार को हड़ताल का असर यूपी की राजधानी लखनऊ में साफ दिखा. शहर की करीब 905 बैंक शाखाओं से जुड़े 16 हजार से ज्यादा बैंककर्मी सड़कों पर उतर आए थे. इसका नतीजा यह हुआ कि राजधानी में करीब 2500 करोड़ रुपये की क्लियरिंग अटक गई.
इस हड़ताल से सबसे ज्यादा दिक्कत उन व्यापारियों और उद्यमियों को हुई, जिनके बड़े भुगतान चेक के जरिए होने थे. क्लियरिंग रुकने से कारोबार से जुड़े कई लेनदेन अटक गए. साथ ही आम लोगों के जरूरी भुगतान, जैसे फीस, किराया और अन्य घरेलू खर्च भी समय पर पूरे नहीं हो सके. बैंक शाखाओं के बाहर लगे ताले और अंदर पसरा सन्नाटा आम ग्राहकों की परेशानी बयां कर रहा था.
