
लंदन में रह रहे पाकिस्तान के पूर्व मंत्री और इमरान खान सरकार में विशेष सलाहकार रहे शहजाद अकबर पर ब्रिटेन में हमला हुआ है. हमले में उनका चेहरा फ्रैक्चर हो गया है और वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं. रिपोर्ट्स के मुतबिक यह हमला पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर के इशारे पर कराया गया. ऐसा इसलिए क्योंकि वह लगातार पाकिस्तानी सेना के राजनीति में दखल की आलोचना करते रहे हैं. हाल ही में एक भाषण में अकबर ने असीम मुनीर को ‘डरपोक’ बताया था और कहा था कि वह रात में सोते समय भी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनता हैं. इस बयान के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं.
भाषण में क्या बोले थे शहजाद अकबर?
अपने भाषण में शहजाद अकबर ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर पर तीखा और सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि असीम मुनीर पिछले साढ़े तीन साल से पाकिस्तान को डर और खौफ के जरिए चलाने की कोशिश कर रहे हैं. अकबर के मुताबिक, ‘हमारे घरों पर हमले किए गए, हमारे लोगों को उठाया गया, नेताओं को जेलों में डाला गया और समाज में डर का माहौल बनाने के लिए हर तरह का जुल्म किया गया.’ उन्होंने कहा कि अगर असीम मुनीर अपनी साजिशों में कामयाब हो गया होता, तो आज इतने लोग खुलकर सामने नहीं आते और न ही अडियाला जेल के बाहर इमरान खान की बहनें धरने पर बैठी होतीं. ‘इसका सीधा मतलब है कि वह नाकाम रहा,’ अकबर ने कहा.
