
क्रिसमस का दिन कर्नाटक के कुछ परिवारों के लिए मातम लेकर आया. कर्नाटक के चित्रदुर्ग में आज यानी गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. चित्रदुर्ग में गुरुवार सुबह ट्रक से टक्कर के बाद एक स्लीपर कोच बस में आग लग गई. इस दर्दनाक घटना में 12 लोग जिंदा जल गए, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं. बताया गया कि तेज रफ्तार ट्रक के एक ‘लग्जरी स्लीपर’ बस से टकराने के बाद बस में आग लग गई. इस घटना पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है. अब सवाल है कि आखिर यह हादसा कब, कहां और कैसे हुआ?
आखिर चित्रदुर्ग में घटना कैसे घटी और कब हुई? पुलिस के अनुसार, यह हादसा नेशनल हाईवे-48 पर गोरलाट्टू क्रॉस पर रात करीब 2 बजे हुआ. अंधेरी रात में एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ चला गया और बस से जा टकराया. टक्कर होते ही बस आग का गोला बन गई. देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई. सभी इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोग अपनी जान बचाने में कामयाब रहे, कुछ लोग अंदर ही फंस गए और जलकर मर गए. इस घटना में ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई. यह स्लीपर बस थी, जिसके कारण कुछ लोगों को भागने का मौका नहीं मिला.
