
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के पुलिस जिला देहरा स्थित गरली बालिका आश्रम से लापता हुई दो नाबालिग छात्राओं को शिमला पुलिस ने सुरक्षित डिटेन कर लिया है. औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों छात्राओं को देहरा पुलिस के हवाले किया गया है. छात्राओं की उम्र क्रमशः करीब साढ़े 17 वर्ष और 16 वर्ष बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, गरली बालिका आश्रम में रहने वाली लगभग 20 छात्राएं मंगलवार को स्कूल से पढ़ाई के बाद दोपहर करीब तीन बजे आश्रम लौट रही थीं. इस दौरान आश्रम का केयरटेकर भी उनके साथ था. रास्ते में दो छात्राएं अचानक गायब हो गईं. छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिलते ही आश्रम प्रबंधन में हड़कंप मच गया.आश्रम प्रबंधन ने तुरंत रक्कड़ पुलिस थाना को सूचना दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों छात्राएं अपनी मर्जी से आश्रम से निकली थीं.
