
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर अमेरिका में एक व्यक्ति की किस्मत ने ऐसा पलटा खाया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया. अमेरिका के अर्कांसस राज्य में एक पेट्रोल पंप से खरीदे गए पावरबॉल टिकट ने 1.817 अरब डॉलर (करीब 15 लाख करोड़ रुपये) का जैकपॉट जिता दिया. यह अमेरिका के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा लॉटरी जैकपॉट है. जीता गया यह टिकट अर्कांसस के कैबोट शहर में स्थित मर्फी यूएसए गैस स्टेशन से खरीदा गया था. लॉटरी अधिकारियों के मुताबिक, क्रिसमस ईव पर हुए ड्रॉ में जिन नंबरों ने किस्मत बदली, वे थे 04, 25, 31, 52 और 59, जबकि पावरबॉल नंबर 19 रहा.
पावरबॉल क्या होता है?
फिलहाल इस ऐतिहासिक जीत वाले खिलाड़ी की पहचान सामने नहीं आई है. अर्कांसस लॉटरी की प्रवक्ता करेन रेनॉल्ड्स के अनुसार, छुट्टियों के चलते क्लेम सेंटर बंद है, इसलिए विजेता की जानकारी कम से कम सोमवार से पहले सामने आने की संभावना नहीं है. यह जैकपॉट 46 लगातार ड्रॉ में कोई विजेता न मिलने के बाद इतना बड़ा हो गया था. पावरबॉल लॉटरी में जीतने की संभावना 29 करोड़ में 1 होती है, लेकिन यही कम संभावना इनाम को बेहद बड़ा बना देती है. पावरबॉल का एक टिकट केवल 2 डॉलर में मिलता है और यह अमेरिका के 45 राज्यों समेत वॉशिंगटन डीसी, प्यूर्टो रिको और यूएस वर्जिन आइलैंड्स में खेला जाता है.
