
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. 26 दिसंबर की रात 12 बजे SIR फॉर्म जमा करने की समयसीमा खत्म हो गई है. तय समय तक फॉर्म जमा न करने वाले 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम अब वोटर लिस्ट से हटाए जाने की प्रक्रिया में हैं. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इनमें स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और अनुपस्थित मतदाता बड़ी संख्या में शामिल हैं.
हालांकि, चुनाव आयोग का दावा है कि राज्य में 90% वोटर मैपिंग पूरी हो चुकी है और समयसीमा में कोई और विस्तार नहीं किया जाएगा. वहीं, 31 दिसंबर से शुरू एसआईआर के लिए दावा-आपत्ति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. आइए जानते हैं कब क्या-क्या होगा…
सिद्धार्थनगर: SIR के तहत करीब 4 लाख मतदाताओं के नाम कटने की आशंका
सिद्धार्थनगर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में लगभग 4 लाख मतदाता इस प्रक्रिया से प्रभावित हो सकते हैं. जांच के दौरान सामने आया है कि जिले में 77,664 मतदाताओं को मृतक घोषित किया गया है, जबकि 1,04,768 मतदाताओं को स्थानांतरित (दूसरे स्थान पर शिफ्ट) की श्रेणी में रखा गया है. प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 2 लाख 32 हजार मतदाता मैपिंग प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं. इनमें सबसे अधिक प्रभावित कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र रहा है, जहां बड़ी संख्या में मतदाता मैपिंग से वंचित पाए गए. मैपिंग से बाहर रह गए मतदाताओं को दोबारा जोड़ने के लिए प्रशासन विशेष सुधार अभियान चलाने पर विचार कर रहा है. इस अभियान के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल किए जा सकते हैं.
