
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को राज्य की बीजेपी सरकार पर बड़ा और गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिंदू मंदिरों की उस जमीन को नीलाम करने की योजना बना रही है, जो राजस्व रिकॉर्ड में देवताओं के नाम पर दर्ज है.
दिग्विजय सिंह का बयान
राजधानी भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए दिग्विजय सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने 22 अप्रैल 2023 को एक आदेश जारी किया था, जिसमें प्रदेशभर के मंदिरों से जुड़ी 10 एकड़ से ज्यादा माफी भूमि को नीलाम करने के निर्देश दिए गए हैं. इसी आदेश के आधार पर अब पुजारियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि गुना जिले के आरोन तहसील के क्यापुर गांव स्थित श्री राम जानकी मंदिर के पुजारी श्री प्रद्युम्न दास को भी मंदिर की जमीन की नीलामी से जुड़ा नोटिस मिला है. इस नोटिस के बाद प्रदेशभर के पुजारियों और मंदिर समितियों में गहरी चिंता है.
