
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है, लेकिन वहां की अंतरिम सरकार हकीकत स्वीकार करने के बजाय अजीबोगरीब दलीलें दे रही है. ताजा मामला पीरोजपुर का है, जहां कट्टरपंथियों ने एक हिंदू परिवार को घर में बंद कर आग लगा दी, ताकि उन्हें जिंदा जलाया जा सके. जब भारत ने इन हमलों पर चिंता जताई, तो बांग्लादेश सरकार ने अपनी नाकामी मानने के बजाय उल्टा भारत को ही नसीहत दे डाली. बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर भारत की चिंताओं को ‘तथ्यहीन’ करार दिया है. उनका कहना है कि हिंदुओं पर हमले सुनियोजित नहीं, बल्कि महज ‘छिटपुट आपराधिक घटनाएं’ हैं.
1. पीरोजपुर में ‘काली सुबह’: हिंदू परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश
बांग्लादेश के पीरोजपुर जिले में दहशत का माहौल है. 27 दिसंबर की सुबह डुमुरिया गांव में कट्टरपंथियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. रिपोर्ट्स और चश्मदीदों के मुताबिक, उपद्रवियों ने पलाश कांति साहा के घर को घेर लिया और बाहर से ताला लगा दिया. इसके बाद उन्होंने घर में आग लगा दी, जिसका मकसद पूरे परिवार को जिंदा जलाना था. गनीमत रही कि किसी तरह उनकी जान बच गई. इससे ठीक एक दिन पहले, पास के ही पश्चिम डुमुरियातला गांव में भी दो हिंदू परिवारों के पांच घरों को आग के हवाले कर दिया गया था. ये घटनाएं बताती हैं कि वहां हिंदू समुदाय कितना असुरक्षित है.
