
रूस-यूक्रेन युद्ध अब विनाशकारी मोड़ पर आ चुका है. 28-29 दिसंबर 2025 की आधी रात पुतिन के नोवगोरोद स्थित आवास पर 91 ड्रोनों से हमला हुआ. हालांकि रूस के एयर डिफेंस ने सभी ड्रोनों को नष्ट कर दिया. लेकिन इस हमले ने क्रेमलिन की सुरक्षा में बड़ी सेंध की कोशिश की है. पुतिन इस दुस्साहस से बुरी तरह बौखला गए हैं. रूस ने इसे सीधे तौर पर अपने राष्ट्रपति की हत्या की साजिश करार दिया है. हालांकि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने किसी भी प्रकार के हमले से इनकार किया है. उन्होंने इसे पुतिन का झूठ करार दिया.
ट्रंप को सुनाई खरी-खरी
इस तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन को फोन मिलाया. ट्रंप ने पुतिन से शांति बनाए रखने और युद्ध न भड़काने की अपील की. लेकिन पुतिन का गुस्सा सातवें आसमान पर था. सूत्रों के अनुसार, पुतिन ने ट्रंप को दो-टूक जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जब उनके घर पर हमला हो रहा है तो शांति की बात बेमानी है. पुतिन ने खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि अब कीव को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी.
हमले के बाद ट्रंप जेलेंस्की से नाराज
बताया गया कि पुतिन के सरकारी आवास पर ड्रोन हमले की कोशिश से डोनाल्ड ट्रंप नाराज हैं. रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा कि ट्रंप ने इस घटना को पागलपन भरा कदम बताया. ट्रंप ने कहा कि वह ऐसी कार्रवाई की कल्पना भी नहीं कर सकते. उशाकोव के मुताबिक, इस घटना का असर अमेरिका के यूक्रेन नीति दृष्टिकोण पर पड़ेगा. ट्रंप ने कहा कि अब जेलेंस्की के साथ काम करने के तरीके पर पुनर्विचार होगा. उन्होंने पुतिन को बताया कि यूक्रेन को संघर्ष विराम नहीं, व्यापक समझौते पर ध्यान देने की सलाह दी गई है. ट्रंप ने यह भी कहा कि भगवान का शुक्र है कि जेलेंस्की को टोमहॉक मिसाइलें नहीं दी गईं.
