
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच मुलाकात हुई और अब तक की सभी मुलाकातों में ये सबसे ज्यादा कामयाब मानी जा रही है. भले ही कोई समझौता हुआ नहीं हो लेकिन रूस-यूक्रेन का युद्ध समझौते के थोड़ा करीब तो पहुंचा है. ऐसे में वो जगह भी चर्चा में आ गई है, जहां ये दोनों नेता मिले थे. अमेरिका के फ्लोरिडा राज्या का मार-ए-लागो रिसॉर्ट. इस जगह का इतिहास बहुत मशहूर है क्योंकि एक वक्त में ये अमेरिकी राष्ट्रपति का शीतकालीन आवास बनने वाला था.
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के पाम बीच में स्थित एक अत्यंत प्रसिद्ध, ऐतिहासिक और भव्य संपत्ति है. यह केवल एक आलीशान क्लब या रिसॉर्ट नहीं बल्कि अमेरिकी इतिहास, राजनीति, कला और अभिजात वर्ग की जीवनशैली का प्रतीक भी माना जाता है. समय के साथ यह जगह सत्ता, प्रभाव और वैभव का केंद्र बनती चली गई. खासतौर पर डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में इस जगह का महत्व कुछ ज्यादा ही बढ़ गया क्योंकि इसके मालिक भी खुद वही हैं.
क्या है मार-ए-लोगो का इतिहास?
मार-ए-लागो का निर्माण साल 1924 से 1927 के बीच हुआ था. इसे अमेरिका की जानी-मानी उद्योगपति, समाजसेवी और अरबपति महिला मार्जोरी मेरिवेदर पोस्ट ने बनवाया था. मार्जोरी पोस्ट उस दौर की सबसे अमीर महिलाओं में शामिल थीं. उन्हें कला और वास्तुकला की गहरी समझ थी. उनका सपना था कि वह एक ऐसा शाही निवास बनवाएं जो पाम बीच के अटलांटिक महासागर से लेकर झील तक फैला हो, इसी वजह से इसका नाम रखा गया – मार-ए-लागो. इसका मतलब होता है समुद्र से झील तक. इस इमारत को स्पेनिश-मूरिश स्थापत्य शैली में तैयार किया गया. इसके निर्माण में यूरोप से विशेष पत्थर, हाथ से बनी टाइल्स, दुर्लभ लकड़ी, संगमरमर और ऐतिहासिक कलाकृतियां मंगाई गईं. उस समय यह अमेरिका के सबसे महंगे और भव्य निजी घरों में से एक माना जाता था. इसमें दर्जनों कमरे, विशाल हॉल, बॉलरूम, बगीचे और समुद्र तट तक निजी पहुंच शामिल थी.
