देश में स्वच्छता का मॉडल कहे जाने वाले इंदौर में जो हुआ, उसने न सिर्फ प्रशासन बल्कि आम लोगों के भरोसे को भी हिला कर रख दिया है. नर्मदा से आने वाला शुद्ध पानी, जिस पर पूरा शहर निर्भर करता है, वही पानी मौत और बीमारी की वजह बन गया. बीते कुछ दिनों में इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में हालात इतने बिगड़ गए कि एक के बाद एक लोगों की तबीयत खराब होने लगी और देखते ही देखते यह मामला भयावह त्रासदी में बदल गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है.
शुरुआत में लगा सामान्य पेट दर्द की है समस्या
शुरुआत में लोगों को लगा कि यह सामान्य पेट दर्द या मौसमी बीमारी है, लेकिन जब एक ही इलाके से लगातार उल्टी, दस्त और तेज बुखार के मरीज अस्पताल पहुंचने लगे, तब डॉक्टरों और प्रशासन को भी खतरे का अंदाजा हुआ. हालात यह रहे कि अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 1000 से अधिक लोग बीमार बताए जा रहे हैं. कई मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पतालों में भर्ती का सिलसिला अभी भी जारी है.
