
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस को जानकारी मिली की तलवार बांटी जा रही हैं. फिर क्या था महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में जांच की गई तो सूचना एकदम सही निकली. वहीं, तलवार बांटने का एक वीडियो भी वायरल हो गया. पुलिस ने बिना देरी किए जांच कर 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से 8 तलवारें भी बरामद की गई हैं. ये लोग कोई और नहीं बल्कि हिंदू रक्षा दल से जुड़े लोग थे. अब सवाल उठता है कि आखिर ऐसा इन लोगों ने किया क्यों? आइए जानते हैं पूरा माजरा….
40 के खिलाफ केस
मामला सामने तब आया जब शालीमार गार्डन पुलिस के पास जानकारी आई कि हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके साथी तलवारें बांट रहे हैं. साथ ही वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस को पता लगा कि तलवारें हिंदू रक्षा दल के शालीमार गार्डन एक्स-2 के कार्यालय के पास बांटी जा रही हैं. इस पर पुलिस ने 40 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली. इनमें से 30 लोगों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है.
पिंकी चौधरी का नाम आया सामने
पुलिस ने जांच के बाद टेलीफोन एक्सचेंज के पास से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इनकी पहचान कपिल कुमार, श्याम प्रसाद, अरुण जैन, रामपाल, अमित सिंह, अमित कुमार, अमित अरोड़ा, मोहित कुमार, देवेंद्र बघेल और उजाला सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे हिंदू रक्षा दल से जुड़े हैं और HRD के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के कहने पर तलवारें बांटने के लिए इकट्ठा हुए थे. तलवारों की व्यवस्था भी पिंकी चौधरी द्वारा ही की गई थी. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. सभी गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है.
