
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का कहर जारी है, लेकिन गाजियाबाद के लिए मुश्किलें दोहरी हो गई हैं. दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा जिला इस वक्त ठंड, घने कोहरे और खतरनाक वायु प्रदूषण की ‘ट्रिपल मार’ झेल रहा है. शनिवार सुबह गाजियाबाद के कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई. वहीं, प्रदूषण के मामले में गाजियाबाद ने एक बार फिर चिंताजनक रिकॉर्ड बनाया है.
देश का सबसे प्रदूषित शहर बना गाजियाबाद
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को देश के 234 शहरों में गाजियाबाद सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया. जिले का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 रहा, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है. सबसे बुरा हाल वसुंधरा का है, जहां AQI 437 तक जा पहुंचा. इसके अलावा लोनी में 412, संजय नगर में 307 और इंदिरापुरम में 360 दर्ज किया गया, जिससे लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है.
