
दिल्ली-एनसीआर के क्रिकेट प्रेमियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है. राजनगर एक्सटेंशन के मोर्टी में बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की राह अब आसान हो गई है. दरअसल, इंटरनेशनल स्टेडियम की राह में कुछ अड़चन (तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं) आ रही थी, जो अब दूर कर ली गई हैं. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के बीच हुई हालिया बैठक में स्टेडियम के रफ मानचित्र (Draft Map) पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है.
सहमति बनने के बाद अब जल्द ही बिल्डिंग मैप पास होने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य का रास्ता खुलेगा. इससे न केवल शहर में खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गाजियाबाद को वैश्विक मानचित्र पर एक नई पहचान भी मिलेगी.
मोर्टी में 31 एकड़ में होगा स्टेडियम का निर्माण
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित मोर्टी गांव में करीब 31 एकड़ जमीन पर इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाना है. यह प्रोजेक्ट PPP (Public-Private Partnership) मॉडल पर आधारित होगा. ताजा अपडेट के अनुसार, UPCA जल्द ही स्टेडियम के औपचारिक नक्शे की मंजूरी के लिए ऑनलाइन आवेदन करेगा. बता दें कि यूपीसीए इस स्टेडियम को लेकर गंभीर है और इसे जल्द से जल्द धरातल पर उतारना चाहता है.
