
अगर आप आने वाले दो-तीन दिनों में गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से मुंबई या कोलकाता के लिए उड़ान भरने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है. दरअसल, सुरक्षा कारणों और गणतंत्र दिवस की तैयारियों के चलते हिंडन एयरपोर्ट से इन दोनों प्रमुख शहरों के लिए विमान सेवा को 26 जनवरी तक के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. प्रशासन ने यह कदम दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट और रिपब्लिक डे परेड की रिहर्सल के मद्देनजर उठाया है.
सुरक्षा कारणों से लिया गया बड़ा फैसला
हिंडन एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर डॉ. चिलका महेश के अनुसार, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर गणतंत्र दिवस की परेड और विभिन्न कार्यक्रमों की रिहर्सल चल रही है. चूंकि यह एक संवेदनशील क्षेत्र है और वायुसेना का बेस है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए हर साल की तरह इस बार भी कुछ दिनों के लिए नागरिक उड़ानों को सीमित या बंद किया गया है.
