
जिले की तराना तहसील में गुरुवार रात बजरंग दल के नगर मंत्री सोहिल ठाकुर पर हुए हमले ने पूरे इलाके को तनाव में डाल दिया. रातभर विरोध और आक्रोश का दौर चला, वहीं शुक्रवार सुबह कुछ समय के लिए शांति जरूर दिखी, लेकिन यह राहत अस्थायी साबित हुई. दोपहर होते-होते आगजनी और पथराव की घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है. तनाव जरूर है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
तराना में हमले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद माहौल पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है. पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर शांति भंग नहीं होने दी जाएगी. फिलहाल तराना में भारी पुलिस बल तैनात है. प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.
