
गले में सोने का भारी-भरकम शंख, हाथों में करोड़ों के कंगन, सिर पर चांदी का विशाल मुकुट और हाथ में सोने के लड्डू गोपाल! ये कोई राजा-महाराजा नहीं, बल्कि ‘गूगल गोल्डन बाबा’ हैं. लेकिन हैरान करने वाली बात सिर्फ इनका सोना नहीं, बल्कि इनका वो कठोर संकल्प है जिसने इन्हें सुर्खियों में ला दिया है. आखिर कौन हैं ये बाबा और क्यों इन्होंने 5 लाख की चांदी की चप्पलें त्यागकर नंगे पांव चलने की कसम खाई है?
कानपुर से आए ये बाबा अपने अनोखे अंदाज के लिए पूरे माघ मेले में छाए हुए हैं. सिर से पांव तक करोड़ों के स्वर्ण आभूषणों से ढके ये संत चांदी के बर्तनों में भोजन करते हैं और हाथ में सोने के ‘लड्डू गोपाल’ लिए चलते हैं. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला…
शरीर पर 5 करोड़ का सोना और चांदी का मुकुट
कानपुर के रहने वाले स्वामी श्री मनोजानंद महाराज, जिन्हें दुनिया अब ‘गूगल गोल्डन बाबा’ के नाम से जानती है, अपनी वैभवशाली वेशभूषा के लिए मशहूर हैं. बाबा का दावा है कि वे अपने शरीर पर करीब 5 करोड़ रुपये की कीमत के सोने और चांदी के आभूषण धारण करते हैं. उनके सिर पर भारी चांदी का मुकुट है, गले में सोने-चांदी से जड़ा शंख है और दसों उंगलियों में देवी-देवताओं की आकृतियों वाली सोने की अंगूठियां हैं. उनके हाथ में हमेशा शुद्ध सोने से बने ‘लड्डू गोपाल’ की प्रतिमा रहती है, जिन्हें वे अपनी सुरक्षा का आधार मानते हैं.
