
ईरान में आर्थिक संकट और लगातार गिरती मुद्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहे. हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए, जब दक्षिणी फार्स प्रांत के फासा शहर में प्रदर्शनकारियों ने एक स्थानीय सरकारी इमारत में घुसने की कोशिश की. ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक बुधवार को प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने फासा के गवर्नरेट कार्यालय के गेट को तोड़ने की कोशिश की. कुछ वीडियो सामने आए, जिसमें उग्र लोगों का समूह इमारत के मेन गेट को तोड़ने की कोशिश करते दिखा.
चार दिन के आंदोलनों में ऐसा पहली बार हुआ है, जब इस भीड़ का उग्र रूप दिखाई दिया है. सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप से यह प्रयास नाकाम हो गया और कथित तौर पर इस समूह की अगुवाई कर रही 28 साल की महिला को गिरफ्तार कर लिया गया. समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक इस झड़प में सुरक्षा बलों के 3 लोग जख्मी हुए और 4 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार भी कर लिए गए. जिस तरह के हालात बने हुए हैं, वो विरोध प्रदर्शन से विद्रोह की ओर बढ़ते हुए दिख रहे हैं. सरकार कभी बातचीत का ऑफर दे रही है तो कभी चेतावनी, बावजूद इसके समस्या का कोई हल नहीं निकल पा रहा है.
