
बांग्लादेश में फरवरी 2026 में प्रस्तावित आम चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे और आवामी लीग के प्रमुख रणनीतिकार सजीब वाजेद ने अंतरिम सरकार और मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस पर सीधा हमला बोला है. सजीब का कहना है कि आवामी लीग को चुनाव से बाहर रखना कोई सुधार नहीं, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने की सोची-समझी साजिश है.
सजीब के इस बयान ने न सिर्फ बांग्लादेश की राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चुनाव की वैधता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. उनका आरोप है कि यूनुस सरकार स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव से डर रही है. इसलिए देश की सबसे बड़ी पार्टी को मैदान से बाहर किया जा रहा है. इससे लाखों मतदाताओं के अधिकार छिन जाएंगे.
