
बांग्लादेश में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. सरकार को एक हफ्ते के भीतर दूसरा बड़ा झटका लगा है. अब स्वास्थ्य सलाहकार सयेदुर रहमान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. यह पिछले 7 दिनों में यूनुस सरकार से किसी वरिष्ठ अधिकारी का दूसरा बड़ा इस्तीफा है, जो सरकार के भीतर स्थिरता पर सवाल खड़े करता है.
कैबिनेट डिवीजन ने मंगलवार रात एक गजट अधिसूचना जारी कर बताया कि राष्ट्रपति ने रहमान का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है. शुरुआत में इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं थी, लेकिन बाद में सयेदुर रहमान ने खुद स्थिति साफ करने की कोशिश की. बंगाली दैनिक ‘प्रोथोम आलो’ से बातचीत में उन्होंने कहा, मैंने एक महीने पहले ही इस्तीफा दे दिया था. इसे मंगलवार को स्वीकार किया गया. मेरी सरकारी सेवा का कार्यकाल कल (मंगलवार) ही समाप्त हुआ है. रहमान बंगबंधु शेख मुजीब मेडिकल यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति रह चुके हैं और उन्हें नवंबर में ही नियुक्त किया गया था.
एक हफ्ते में दूसरा विकेट गिरा
सयेदुर रहमान का इस्तीफा ऐसे वक्त में आया है जब महज कुछ दिन पहले ही गृह मंत्रालय के विशेष सहायक खुदा बख्श चौधरी ने भी सरकार का साथ छोड़ दिया था. चौधरी ने 24 दिसंबर को इस्तीफा दिया था.
