
रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते को लेकर तमाम वादे-इरादे चल रहे हैं लेकिन इस दौरान भी युद्ध के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं. बीते सोमवार को रूस ने यूक्रेन की तरफ उंगली करते हुए दावा किया था कि पुतिन के आवास पर तबाही मचाने के लिए 91 ड्रोन भेजे गए थे. पुतिन आग बबूला थे लेकिन यूक्रेन ने इस अटैक की बात को झूठा करार देते हुए सबूत मांगा था. वहीं, अब पुतिन ने ये इच्छा भी पूरी कर दी है और अवास पर हुए अटैक का सबूत दुनिया के सामने रख दिया है.
रूस ने जारी किया वीडियो सबूत
रूसी रक्षा मंत्रालय ने पुतिन के आवास पर हुए अटैक के सबूत के तौर पर एक फुटेज जारी किया है, जिसमें बर्फ से ढके जंगली इलाके में एक क्षतिग्रस्त ड्रोन पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है. रूस का दावा है कि यूक्रेन ने 91 ड्रोन भेजकर उत्तर-पश्चिमी रूस के नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित राष्ट्रपति पुतिन के गुप्त और सुरक्षित आवास को निशाना बनाया लेकिन इस अटैक को एयरडिफेंस सिस्टम ने रोक दिया और ज्यादातर ड्रोन मार गिराए गए. यह घटना 28-29 दिसंबर की रात की बताई जा रही है.
