
नए साल के जश्न के बीच चंदौली से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो जाएंगे. यहां पतंग लूटने की मासूम सी जिद एक बच्चे को मौत के मुंह तक ले गई, लेकिन किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि हर कोई इसे चमत्कार मान रहा है. तेज रफ्तार मालगाड़ी के करीब 40 डिब्बे बच्चे के ऊपर से गुजर गए, फिर भी वह पूरी तरह सुरक्षित बच निकला.
यह हैरान कर देने वाली घटना चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के कस्बा इलाके की है. 11 वर्षीय बालक शिव केसरी पतंग लूटते हुए सैयदराजा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) की डाउन रेलवे लाइन तक पहुंच गया. तभी सामने से तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई. ट्रेन को बेहद नजदीक आता देख बच्चे ने घबराहट में पटरी के बीच लेटकर अपनी जान बचाने की कोशिश की.
