
ताइवान के चारों ओर चीन के बड़े सैन्य अभ्यास के बाद अमेरिका और चीन के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. अमेरिका ने साफ कहा है कि चीन की ये गतिविधियां इलाके में बिना वजह तनाव बढ़ा रही हैं. वहीं ताइवान ने भी चुप रहने के बजाय अपनी सैन्य ताकत का खुला संकेत दे दिया है. ताइपे ने ऐसे फुटेज जारी किए हैं जिनमें उसका F-16 फाइटर जेट चीनी लड़ाकू विमान को ट्रैक और लॉक करता दिख रहा है. यानी चीन का जेट पूरी तरह फंस गया और एक क्लिक में उसे मिसाइल से गिराया जा सकता था. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि चीन की सैन्य ड्रिल और आक्रामक भाषा ताइवान जलडमरूमध्य में हालात को अस्थिर कर रही है.
उन्होंने चीन से अपील की कि वह सैन्य दबाव बंद करे और बातचीत के रास्ते पर लौटे. यह बयान ऐसे वक्त आया है जब चीन ने इस हफ्ते ताइवान के पास दो बड़े सैन्य अभ्यास किए, जिनमें मिसाइल लॉन्च, फाइटर जेट, नौसैनिक जहाज और कोस्टगार्ड शामिल थे. चीन ने इन अभ्यासों को ताइवान के मुख्य द्वीप की घेराबंदी और अहम बंदरगाहों को ब्लॉक करने के अभ्यास के तौर पर बताया. ताइवान सरकार ने इसे बेहद उकसाने वाला कदम करार दिया और कहा कि इससे पूरे क्षेत्र की शांति खतरे में पड़ सकती है. चीन ताइवान को अपना हिस्सा बताता है और बल प्रयोग से भी उसे अपने नियंत्रण में लेने की बात करता रहा है.
