
ईवीएम पर हाहाकार मचाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुरी तरह फंसते दिख रहे हैं. राहुल गांधी को उनकी ही कांग्रेस सरकार ने आईना दिखाया है. राहुल गांधी के ईवीएम से वोट चोरी वाले दावों का कर्नाटक में उनकी अपनी ही सरकार ने फैक्ट-चेक कर दिया. दरअसल, हुआ यह कि कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार ने ईवीएम पर एक सर्वे पब्लिश कराया है. इस सर्वे में पता चला कि अधिकतर नागरिकों का मानना है कि भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होते हैं, जबकि ईवीएम यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVMs) पर लोगों का भरोसा बढ़ा है. सर्वे में करीब 83 फीसदी लोगों ने ईवीएम पर अपना भरोसा दिखाया है.
डेक्कन हेराल्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह सर्वे मुख्य चुनाव अधिकारी वी. अंबुकुमार ने करवाया था. इसमें बेंगलुरु, बेलगावी, कालाबुरागी और मैसूरु के प्रशासनिक डिवीजनों में 102 विधानसभा क्षेत्रों के 5100 लोगों को शामिल किया गया था. योजना, कार्यक्रम निगरानी और सांख्यिकी विभाग के तहत कर्नाटक निगरानी और मूल्यांकन प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट में पता चला कि 84.55% लोगों का मानना था कि भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए जाते हैं.
