
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 2 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) को एक सख्त नोटिस जारी किया है. ये नोटिस X के AI टूल Grok के दुरुपयोग से जुड़ा है, जिसमें यूज़र्स के महिलाओं और बच्चों की तस्वीरों को बिना सहमति के अश्लील, यौन स्पष्ट या अपमानजनक रूप में बदलकर शेयर करने की शिकायतें सामने आई हैं.
यह मामला तब गंभीर हुआ जब शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने IT मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस ट्रेंड की शिकायत की. सरकार ने इसे महिलाओं की गरिमा, प्राइवेसी और डिजिटल सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन माना है.
MeitY ने X को IT एक्ट 2000 और IT रूल्स 2021 के तहत ड्यू डिलिजेंस में लापरवाही का आरोप लगाते हुए 72 घंटों में सभी गैर-कानूनी कंटेंट हटाने, Grok के सेफगार्ड्स मजबूत करने और एक्शन टेकन रिपोर्ट सबमिट करने का निर्देश दिया है.
