
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका ने देश के भीतर घुसकर गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई के बाद पूरी दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव तेज हो गया है. अमेरिका के इस कदम को कई देश अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बता रहे हैं, तो वहीं अमेरिका के विरोधी देश इशारों-इशारों में जवाबी कार्रवाई की चेतावनी देने लगे हैं. इसी कड़ी में अब उत्तर कोरिया ने अमेरिका को सीधा संदेश देने के लिए मिसाइल लॉन्च कर दी है. यह इशारा है कि उत्तर कोरिया कितना ताकतवर है और अगर अमेरिका उसकी तरफ बढ़ा तो वह चुप नहीं बैठेगा.
उत्तर कोरिया ने कहां लॉन्च की मिसाइल?
दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने रविवार सुबह कई बैलिस्टिक मिसाइलें समुद्र की दिशा में दागीं. ये मिसाइलें राजधानी प्योंगयांग के आसपास के इलाकों से दागी गईं और पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर गईं. हालांकि मिसाइलों की रेंज और सटीक क्षमता को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. जापान भी इस लॉन्च से अलर्ट हो गया और देश में इमरजेंसी अलर्ट भेजे गए. दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि लॉन्च के बाद निगरानी बढ़ा दी गई है और अमेरिका व जापान के साथ लगातार सूचनाएं साझा की जा रही हैं. जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी मिसाइल लॉन्च की पुष्टि की है, हालांकि किसी नुकसान की खबर नहीं है.
