
अमेरिकी राजनीति और दुनिया की भू राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब अमेरिका वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन तक खुद मौजूद रहेगा. ट्रंप ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी को एक विशेष सैन्य ऑपरेशन के तहत देश से बाहर निकाल लिया गया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें मादुरो अमेरिकी युद्धपोत USS Iwo Jima पर नजर आ रहे हैं. बाद में खबर आई कि उन्हें एक विशेष विमान से ले जाया गया और अब मादुरो अमेरिका की धरती पर हैं.
ट्रंप के मुताबिक इस पूरे मिशन को साउदर्न स्पीयर नाम दिया गया था. यह कार्रवाई अमेरिकी स्पेशल फोर्स और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद से की गई. ट्रंप ने इसे बेहद सटीक और सफल ऑपरेशन बताया. अमेरिकी अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाया जाएगा, जहां उन पर ड्रग तस्करी, हथियारों की तस्करी और नार्को आतंकवाद जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा चलेगा. अमेरिका पहले ही मादुरो पर करोड़ों डॉलर का इनाम घोषित कर चुका था.
वेनेजुएला को चलाएगा अमेरिका
सबसे चौंकाने वाला बयान तब आया जब ट्रंप ने कहा कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला को खुद चलाएगा. उन्होंने कहा कि जब तक वहां एक सही और भरोसेमंद सरकार नहीं बन जाती, तब तक अमेरिकी फौजें वहां मौजूद रहेंगी. ट्रंप प्रशासन ने यह भी साफ किया कि वेनेजुएला के तेल उद्योग को दोबारा खड़ा करने के लिए अमेरिकी तेल कंपनियों को भेजा जाएगा. अरबों डॉलर का निवेश कर तेल उत्पादन शुरू किया जाएगा. अमेरिका का कहना है कि यह कदम वेनेजुएला की जनता और वैश्विक बाजार दोनों के लिए जरूरी है.
