
मध्यप्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है. राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय ऐसा कोहरा छाया कि सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई. ठंड और कोहरे की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. हालात को देखते हुए 13 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है.
भोपाल सहित कई जिलों में घना कोहरा
सोमवार सुबह भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, विदिशा सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा. कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई.
सुबह के समय वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और हाईवे पर रफ्तार थम सी गई.
शीतलहर का अलर्ट, ठिठुर रहा प्रदेश
मौसम विभाग ने राजगढ़, दतिया, छतरपुर और उमरिया जिलों में कोल्ड वेव (शीतलहर) का अलर्ट जारी किया है. सबसे ठंडा शहर ग्वालियर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. तेज ठंड की वजह से लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं.
