
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ की गई अमेरिकी कार्रवाई ने सभी तो चौंका दिया. इसके पीछे ड्रग्स वजह है या तेल, इस पर खूब बहस हो रही है लेकिन अब एक और दिलचस्प वजह सामने आई है, जिसने ट्रंप को उकसाया. अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, निकोलस मादुरो के टीवी पर होने वाले डांस और हल्के-फुल्के पब्लिक शोज ने अमेरिका की कार्रवाई के लिए ट्रंप प्रशासन को भड़का दिया.
अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मादुरो के मजाकिया और नाटकीय टीवी डांस को अमेरिका के लिए जानबूझकर एक चुनौती के रूप में देखा. एक अधिकारी ने इसे याद करते हुए बताया- ‘बस एक डांस मूव ज्यादा हो गया, यही वह पल था जिसने धैर्य की आखिरी सीमा पार कर दी.’ सुनने में ये अजीब लग सकता है लेकिन सच है कि मादुरो के डांस की वजह से अमेरिका भड़का था.
मादुरो का डांस ट्रंप को पसंद नहीं आया
जब से अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव शुरू हुआ था, मादुरो को कई बार सरकारी प्रसारण में लोगों के सामने नाचते-गाते देखा गया था. वायरल हुए एक वीडियो में मादुरो संगीत की धुन पर झूम रहे थे. इसके साथ ही बैकग्राउंड से अंग्रेजी में आवाज आई- ‘No crazy war’. यह प्रसारण उस वक्त हुआ जब अमेरिका ने वेनेजुएला में ड्रग तस्करी से जुड़े एक डॉक पर हवाई हमला किया था.
