
अमेरिका की एक संघीय अदालत में वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पहली बार पेश हुए. न्यूयॉर्क के मैनहैटन स्थित यूएस फेडरल कोर्ट में मादुरो ने ड्रग तस्करी और नार्को-टेररिज्म से जुड़े गंभीर आरोपों पर खुद को ‘नॉट गिल्टी’ बताया. यूएस डिस्ट्रिक्ट जज एल्विन हेलरस्टीन के सामने पेशी के दौरान मादुरो ने दावा किया कि उन्हें जबरन वेनेजुएला से अमेरिका लाया गया है. कोर्ट रूम में मौजूद पत्रकारों के मुताबिक मादुरो ने अदालत से कहा- ‘मुझे कैप्चर किया गया है’. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक मादुरो का यह बयान सुनते ही कोर्ट में सन्नाटा छा गया.
अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि मादुरो ने अपने कार्यकाल के दौरान ड्रग कार्टेल्स के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोकीन की तस्करी को बढ़ावा दिया और अमेरिका की सुरक्षा को खतरे में डाला. इन आरोपों में उन्हें नार्को-टेररिज्म जैसे गंभीर अपराधों का आरोपी बनाया गया है, जिनमें दोष सिद्ध होने पर लंबी सजा का प्रावधान है. कोर्ट की कार्यवाही के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजा देखे गए. मादुरो को हथकड़ी में लाया गया और अदालत परिसर के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहे. सुनवाई के दौरान जज हेलरस्टीन ने मादुरो के अधिकारों और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर औपचारिक बातें कहीं.
