
मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा की गलियां 17 मौतों के मातम से अभी जूझ रही हैं और इस दुख में एक और दर्द देने वाला महीनों पुराना वीडियो वायरल हुआ है. यह वीडियो महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नकली दावे और क्षेत्रीय पार्षद कमल वाघेला की झूठी तारीफ का सच सामने लाया है. दरअसल वायरल वीडियो भागीरथपुरा में कुछ महीने पहले दो करोड़ रुपये के कामों के भूमि पूजन के दौरान का है. इसमें मंच पर महापौर भार्गव पार्षद कमल वाघेला की तारीफ करते नजर आ रहे हैं. वह उनके अच्छे कामों का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं. सार्वजनिक मंच से महापौर ऐसा झूठा दावा करते नजर आ रहे हैं, जिसने 17 मौतों की कलई और इंदौर के स्वच्छ होने के दावे को नकली साबित कर दिया.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव मंच से कह रहे हैं, 24 सड़कें बनाईं इस वार्ड में. जो भी सड़क बनाई, पहले उन्होंने ड्रेनेज की लाइन डाली, फिर पानी की पाइप लाइन डाली. बनाने का खर्च कम से कम 10 लाख है. इस लिहाज से 2 करोड़ 40 लाख रुपये की सड़कें बनीं. इतना ही पानी की और ड्रेनेज के लिए भी पैसा खर्च किया. पार्षद ने 10 करोड़ रुपये के काम कर दिए यानी एक साल में तीन करोड़ के काम कराए. वह मेयर होने के नाते कमल वाघेला को अच्छा काम करने का सर्टिफिकेट देते हैं.
