
बांग्लादेश में राजनीतिक उथल पुथल थमने का नाम नहीं ले रही है. बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच आगामी संसदीय चुनाव को लेकर आज एक अहम बैठक हुई. इस बैठक के बाद बांग्लादेश चुनाव आयोग (EC) ने कहा कि देश में चुनावी माहौल कुल मिलाकर नियंत्रण में है. चुनाव आयोग ने सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ स्थिति की समीक्षा की. आयोग ने उस्मान हादी की हत्या पर गंभीर चिंता जताई है. चुनाव आयुक्त अबुल फ़ज़ल एमडी सनाउल्लाह ने कहा कि कुछ घटनाओं के बावजूद चुनावी प्रक्रिया को सुरक्षित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होने हैं. खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की जोरदार अपील करते हुए कहा है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो देश अराजकता की ओर बढ़ सकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिन आसान नहीं हैं, क्योंकि देश की आर्थिक स्थिति गंभीर है और कई हिस्सों में अव्यवस्था फैलाने की कोशिशें हो रही हैं. उन्होंने सभी को सतर्क और संगठित रहने का आह्वान किया.
इस बीच बांग्लादेश के धार्मिक मामलों के सलाहकार एएफएम खालिद हुसैन ने पुष्टि की है कि ‘द डेली स्टार’ और ‘प्रोथोम आलो’ के कार्यालयों पर आगजनी करने वाले कई उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है. उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.सचिवालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की जलाकर हत्या और सांस्कृतिक केंद्र ‘छायानौत’ पर हमले की कड़े शब्दों में निंदा की. उन्होंने इसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि सरकार किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं देगी. गौरतलब है कि भारी तबाही के बावजूद 21 दिसंबर को दोनों अखबारों का प्रकाशन फिर से शुरू हो गया है.
