
ढाका विश्वविद्यालय के बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान छात्रावास का नाम अब शरीफ उस्मान हादी के नाम पर रखा गया है. स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी. हादी एक जाने-माने युवा नेता थे जिन्होंने पिछले साल बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार को गिराने वाले जुलाई विद्रोह में हिस्सा लिया था. राजधानी में सिर में गोली लगने के छह दिन बाद गुरुवार को हादी की मौत हो गई. ‘ढाका ट्रिब्यून’ के मुताबिक, छात्रावास में रहने वाले छात्रों के संगठन ‘हॉल यूनियन’ ने शनिवार को मुख्य गेट पर लगी नामपट्टिका हटाकर उसकी जगह ‘शहीद शरीफ उस्मान हादी हॉल’ की नई पट्टिका लगा दी.
उन्हें 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश बंदूकधारियों ने सिर में गोली मार दी थी. सिंगापुर में इलाज के दौरान गुरुवार को उनका निधन हो गया. उनकी मौत के बाद पूरे बांग्लादेश में हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं.
इसके अलावा कई छात्रों ने छात्रावास की मुख्य इमारत पर बने बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के भित्तिचित्र पर पेंट कर दिया. खबर के अनुसार, ढाका विश्वविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ (डीयूसीएसयू) के सांस्कृतिक मामलों के सचिव मुसद्दीक इब्न अली मोहम्मद ने बताया कि शनिवार रात साढ़े नौ बजे क्रेन की मदद से नामपट्टिका हटाई जाएगी.
