
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक चिट्ठी लिखी है, जिसे उन्होंने ‘योगी की पाती’ नाम दिया है. इस चिट्ठी के जरिए सीएम योगी ने सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है और लोगों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि सड़क हादसों में हर साल हजारों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है.
सीएम योगी ने लिखा है कि ज्यादातर सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही, तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की वजह से होती हैं. एक छोटी सी गलती पूरे परिवार की खुशियां छीन लेती है. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इस दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य सिर्फ नियम बनाना नहीं, बल्कि लोगों के सड़क व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है. सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य पर लाना सरकार का दीर्घकालिक लक्ष्य है.
