
रीगल चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा के पास वेनेज़ुएला के समर्थन और अमेरिकी हस्तक्षेप के खिलाफ विरोध प्रदर्शन एक बार फिर से सोमवार को किया जाएगा. इसे महात्मा गांधी मार्ग पर कमिश्नर कार्यालय के सामने किया जाना तय बताया गया है. इसके लिए दोपहर 4 बजे से 5 बजे तक का समय तय किया गया है. बीते दिनों हो चुके इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय संगठनों और नागरिकों ने एकजुटता दिखाई थी और अब भी नागरिकों का एक बड़ा समूह आगामी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए तैयार है. हालांकि इंदौर में पहले से ही जहर वाले पानी के कारण 21 मौतें हो चुकी हैं और शहर के हालात संवेदनशील हैं.
आयोजकों का मानना है कि वेनेज़ुएला संकट केवल एक दूर स्थित देश का मामला नहीं है बल्कि यह वैश्विक राजनीति, अंतरराष्ट्रीय क़ानून और संप्रभुता के संदर्भ में महत्वपूर्ण विषय है. इस प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि किसी भी देश की आंतरिक स्थिति में बाहरी हस्तक्षेप अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन है और सभी देशों को शांतिपूर्ण समाधान और कूटनीति के माध्यम से विवादों को सुलझाना चाहिए बजाय सैन्य कार्रवाइयों के. दुनियाभर में वेनेज़ुएला के समर्थन में विरोध रैलियाँ हुई हैं. भारत में भी कई वामपंथी पार्टियों तथा सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से भारत सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की है.
