
भाजपा हेडक्वार्टर में सोमवार को एक अलग नजारा देखने को मिला. चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का डेलिगेशन सोमवार को भाजपा हेडक्वार्टर पहुंचा. चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के इंटरनेशनल लिआइजन डिपार्टमेंट (IDCPC) के छह सदस्यीय डेलिगेशन ने सोमवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यालय का दौरा किया. इसदौरान पार्टी-टू-पार्टी संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई. इस चीनी कम्युनिस्ट पार्टी डेलिगेशन की अगुवाई वाइस मिनिस्टर सुन हैयान ने की.
बीजेपी के विदेश मामलों के विभाग प्रमुख डॉ विजय चौथाईवाले ने बताया कि चीनी प्रतिनिधिमंडल ने बीजेपी के पदाधिकारियों से मुलाकात की. इसमें बीजेपी के महासचिव अरुण सिंह भी शामिल थे. इस दौरान बीजेपी और सीपीसी के बीच आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की.
अरुण सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘इंटरनेशनल डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (IDCPC) के वाइस मिनिस्टर सुन हैयान आज बीजेपी मुख्यालय आईं. बैठक के दौरान हमने बीजेपी और सीपीसी के बीच संवाद और संपर्क को कैसे बढ़ाया जाए, इस पर चर्चा की.’
