
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर हर किसी की नजर टिकी हुई है. इस डील का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है. अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने 12 जनवरी को नई दिल्ली में कहा कि 13 जनवरी को दोनों देशों के बीच इस डील पर फिर से बातचीत शुरू होगी. उन्होंने बताया कि दोनों तरफ से सक्रिय रूप से चर्चा हो रही है और अगली बातचीत आज यानी 13 जनवरी को होगी. इससे उम्मीद जगी है कि ट्रेड डील पक्की हो सकती है.
सिर्फ यही नहीं, अमेरिकी राजदूत गोर ने ये भी कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच की दोस्ती बहुत मजबूत है. उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका के रिश्ते आज सबसे ऊंचे राजनीतिक स्तर पर बहुत मजबूती से टिके हुए हैं. गोर ने यह भी कहा कि असली दोस्तों में कभी-कभी मतभेद हो जाते हैं, लेकिन वे दोनों मिलकर उन मतभेदों को अच्छे से सुलझा लेते हैं. भारत को अमेरिका का बहुत महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताते हुए उन्होंने बताया कि वे गहरे सम्मान के साथ भारत आए हैं और दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र यानी अमेरिका और सबसे बड़े लोकतंत्र यानी भारत के बीच की साझेदारी को और मजबूत करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
इतना ही नहीं, गोर ने यह भी संकेत दिया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही भारत आने वाले हैं. उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका के लिए भारत से ज्यादा अहम कोई साझेदार नहीं है. दोनों देश अब सच्चे रणनीतिक पार्टनर की तरह मिलकर आगे बढ़ेंगे और हर मुश्किल को साथ मिलकर हल करेंगे. अगर आज यूएस और भारत के बीच डील हो जाती है, तो ये दोनों देशों के लिए फायदेमंद होगा.
