
कनाडा पुलिस ने देश के इतिहास की सबसे बड़ी सोने की चोरी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पील रीजनल पुलिस ने सोमवार को 43 वर्षीय अर्सलान चौधरी को टोरंटो एयरपोर्ट पर दुबई से आने वाली फ्लाइट से उतरते ही हिरासत में ले लिया. यह गिरफ्तारी ‘प्रोजेक्ट 24K’ जांच का हिस्सा है, जिसमें अप्रैल 2023 में टोरंटो एयरपोर्ट से 2 करोड़ डॉलर (करीब 180 करोड़ रुपये) से ज्यादा कीमत का करीब 400 किलो सोना चोरी कर लिया गया था. पुलिस ने इसके साथ ही आशंका जताई कि इस मामले का एक अहम आरोपी भारत में छिपा हो सकता है.
पील रीजनल पुलिस के अनुसार, अर्सलान चौधरी का कोई स्थायी पता नहीं है. उसे 5,000 डॉलर से ज्यादा की चोरी, अपराध से प्राप्त संपत्ति रखने और गंभीर अपराध की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. चौधरी दुबई से टोरंटो लौटा था, जहां से वह भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
