
मध्य प्रदेश ने खेलों के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ किया है. ओलंपिक खेलों की तर्ज पर आयोजित इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट की लॉन्चिंग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल में की. खास बात यह रही कि देश में पहली बार किसी राज्य स्तरीय खेल आयोजन की शुरुआत 4K शो, टॉर्च, एंथेम और मैस्कॉट के साथ की गई. यह आयोजन न केवल युवाओं को खेलों से जोड़ने का मंच बनेगा, बल्कि मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत करेगा. विजेता खिलाड़ियों के लिए 4 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा ने इस आयोजन को और खास बना दिया.
खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 में प्रदेश के 10 संभागों से करीब 1.50 लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जो इसे देश के सबसे बड़े राज्य स्तरीय यूथ गेम्स में शामिल करता है. 13 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलने वाले इन खेलों में प्रदेशभर के शहरों और संभागीय मुख्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश अब केवल सांस्कृतिक और औद्योगिक पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि तेजी से स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा है. यह आयोजन उसी सोच और नीति का परिणाम है.
