
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चाओं में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी है. जिसे हम KGMU के नाम से भी जानते हैं. लंबे समय से चल रहे धर्मांतरण और लव जिहाद मामले को लेकर हुए बवाल में तोड़फोड़ के बाद KGMU प्रोफेसर ने ओपीडी बहिष्कार का निर्णय लिया था. मगर, अब OPD बहिष्कार फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है. केजीएमयू प्रशासन ने अपर्णा यादव के समर्थकों से जुड़े सबूत जैसे वीडियो और फोटो समेत प्रशासन को सौंपे दिए हैं.
बताते चलें कि केजीएमयू कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने मंगलवार को इस मामले को लेकर सीएम योगी के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद से मुलाकात की. इस दौरान संजय प्रसाद ने केस में जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
KGMU के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के आश्वासन के बाद सभी संगठनों ने बहिष्कार को अगले दो-तीन दिनों के लिए रोक दिया है. यदि मामले में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो फिर OPD का बहिष्कार किया जाएगा. दरअसल, मामला धर्मांतरण और कथित लव जिहाद से जुड़ा है, जिसकी जांच अब एसटीएफ कर रही है.
