
राजधानी रांची में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर में मारपीट के आरोपों के बाद मामला गरमा गया है. गुरुवार सुबह रांची पुलिस की एक टीम एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी ऑफिस पहुंची और जांच शुरू की. ईडी दफ्तर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. पेयजल विभाग के क्लर्क संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि ईडी के सहायक निदेशक प्रतीक और उनके सहायक शुभम ने उन्हें ऑफिस बुलाकर मारपीट की, सिर फोड़ा और सबूत मिटाने की कोशिश की. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
वहीं ईडी के वरिष्ठ सूत्रों ने इन आरोपों को साजिश बताया है. ईडी का कहना है कि संतोष कुमार को समन नहीं भेजा गया था. पूछताछ के दौरान उसने खुद शीशे की बोतल से अपने सिर पर चोट की. इसके बाद अधिकारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. इलाज के बाद उसने बीपी और हाइपरटेंशन की बात लिखित रूप में दी. ईडी ने इस मामले में हाईकोर्ट जाने की बात कही है.
इस बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता बाबू लाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि ईडी के पास पुलिस-प्रशासन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं. आशंका है कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन अहम साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है
