
मध्य प्रदेश बोर्ड ने आगामी 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान नकल पर पूरी तरह से रोक रहेगी और इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे. अगर किसी केंद्र में सामूहिक नकल होती है, तो पूरा केंद्र बंद कर परीक्षा रद्द कर दी जाएगी. परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम का इस्तेमाल सख्ती से रोकी जाएगी. इसके लिए परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और निगरानी के विशेष प्रबंध किए जाएंगे.
नकल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि नकल करने वाले परीक्षार्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. नियमों के तहत, नकल करने वाले छात्रों को 3 साल की जेल या 5 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. अगर कोई व्यक्ति या अभिभावक छात्रों की नकल में मदद करता है, तो उसे भी 3 साल की सजा का प्रावधान है.
