
वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात के दौरान एक ऐसा कदम उठाया, जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी. मचाडो ने दावा किया कि उन्होंने ट्रंप को अपना नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल सौंपा है. पत्रकारों से बात करते हुए मचाडो ने कहा कि उन्होंने यह मेडल अमेरिका के राष्ट्रपति को ‘वेनेजुएला की आजादी के लिए उनके विशेष योगदान’ के सम्मान में दिया. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने मेडल स्वीकार किया या नहीं. इस सवाल पर मचाडो ने कोई सीधा जवाब देने से बचते हुए सिर्फ इतना कहा कि यह एक ‘प्रतीकात्मक और ऐतिहासिक क्षण’ था.
CNN ने व्हाइट हाउस से जुड़े एक सूत्र के हवाले से बताया कि मचाडो अपना नोबेल शांति पुरस्कार की मेडल व्हाइट हाउस में ही छोड़ गई हैं. सूत्रों के मुताबिक यह मेडल फिलहाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास है और व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि ट्रंप इसे अपने पास रखे हुए हैं. ट्रंप लंबे समय से इस पुरस्कार को पाने की इच्छा जाहिर करते रहे हैं, हालांकि नोबेल पुरस्कार समिति पहले ही साफ कर चुकी है कि यह सम्मान न तो साझा किया जा सकता है और न ही किसी को ट्रांसफर किया जा सकता है.
