
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला सिलहट जिला के गोवाइनघाट इलाके से सामने आया है, जहां एक हिंदू शिक्षक के घर को निशाना बनाकर आग लगा दी गई. जानकारी के मुताबिक, बहोर गांव में रहने वाले शिक्षक बिरेंद्र कुमार डे, जिन्हें इलाके में ‘झुनू सर’ के नाम से जाना जाता है, के घर पर देर रात उपद्रवियों ने हमला किया. हमलावरों ने घर में आग लगा दी, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा. गनीमत यह रही कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला हमला नहीं है. इससे पहले भी बिरेंद्र कुमार डे के घर को निशाना बनाया जा चुका है. बार-बार हो रहे हमलों से इलाके के हिंदू परिवारों में गहरा डर और असुरक्षा का माहौल है.
