
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कार्यक्रम में बदलाव किया गया है. तय कार्यक्रम के अनुसार अब राहुल गांधी नगर निगम अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और पार्षदों से मुलाकात नहीं करेंगे. नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया है. अब राहुल गांधी इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार यह दौरा पूरी तरह संवेदनशील मुद्दों और पीड़ितों से संवाद पर केंद्रित रहेगा. वहीं, 17 जनवरी को जिलों में प्रस्तावित उपवास का कार्यक्रम पूर्ववत जारी रहेगा.
बता दें कि राहुल गांधी का दौरा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वे इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में हाल की घटनाओं से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे, जहां सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन होगा. 17 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला स्तर पर एक दिवसीय उपवास आयोजित किया जाए. यह उपवास मनरेगा के नाम बदलने के विरोध में होगा.
