
अमेरिकी गृह मंत्रालय ने उस चीनी नागरिक को देश से निकालने की अपनी योजना वापस ले ली है जो अवैध रूप से अमेरिका में आया था. दो मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी. इस मामले को लेकर चिंता थी कि अगर उसे वापस भेजा गया तो चीन के शिनजियांग इलाके में मानवाधिकार उल्लंघन उजागर करने के कारण बीजिंग उसे सजा दे सकता है. मानवाधिकार वकील रेहान असात ने बताया कि गुआन हेंग के वकील को गृह मंत्रालय की तरफ से एक पत्र मिला है जिसमें उसे युगांडा भेजने का अनुरोध वापस लेने का फैसला बताया गया है.
कहां है गुआन?
असात ने कहा कि अब उम्मीद है कि गुआन को शरण देने का मामला आसानी से आगे बढ़ेगा. ‘ह्यूमन राइट्स इन चाइना’ संगठन के कार्यकारी निदेशक झोउ फेंगसूओ ने भी गुआन को निर्वासित न करने के फैसले की पुष्टि की. गृह मंत्रालय ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की. आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन के रिकॉर्ड के मुताबिक 38 साल का गुआन न्यूयॉर्क के एक डिटेंशन सेंटर में है. उसकी कानूनी टीम जमानत पर रिहाई की कोशिश कर रही है.
