
सोमवार को अमेरिका के टेक्सास राज्य में गैल्वेस्टन के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मैक्सिको की नौसेना का एक विमान अचानक हादसे का शिकार हो गया. यह विमान एक मेडिकल मिशन पर था और लैंडिंग की तैयारी कर रहा था, तभी कुछ गड़बड़ी हुई और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. मैक्सिकन नेवी ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि विमान गैल्वेस्टन के पास अप्रोच के दौरान हादसे का शिकार हुआ. आशंका है कि लगभग चार लोग हादसे में मारे गए हैं. गैल्वेस्टन, ह्यूस्टन से करीब 80 KM दक्षिण-पूर्व में स्थित है. हादसे के तुरंत बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.
गैल्वेस्टन काउंटी शेरिफ ऑफिस ने पुष्टि की है कि विमान गैल्वेस्टन कॉजवे के बेस के पास क्रैश हुआ. सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम, क्राइम सीन यूनिट, ड्रोन यूनिट और पेट्रोल टीमें मौके पर भेजी गईं. इलाके को घेर लिया गया है और हर संभावित एंगल से तलाशी ली जा रही है. मैक्सिकन नेवी ने कहा है कि हादसे के तुरंत बाद सभी आपात प्रोटोकॉल एक्टिव कर दिए गए. स्थानीय अमेरिकी एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है
